Menu
blogid : 13500 postid : 842485

देशभक्ति मुक्तक

Hindi Kavita
Hindi Kavita
  • 161 Posts
  • 54 Comments

देशभक्ति मुक्तक

(1)    संस्कृति की पहचान है हिन्दुस्तान
सारे विश्व की शान है हिन्दुस्तान
जहाँ सर्वप्रथम ज्ञान का सूर्योदय हुआ
धर्म, दर्शन का स्वर-गान है हिन्दुस्तान।

(2)    धर्म और संस्कारों का रोशन सितारा है हिन्दुस्तान
गीता के निष्काम कर्म का उजियारा है हिन्दुस्तान
जहाँ कल-कल, छल-छल नदियों का राग सुनाई देता
विश्वमंगलकारी, पालनकर्ता, सबका सहारा है हिन्दुस्तान।

(3)    भजन, सबद कीर्तन है हिन्दुस्तान
नमाज़ में झुका तन है हिन्दुस्तान
जहाँ उल्लास का बसंत है खिलता
नये जोश का यौवन है हिन्दुस्तान।

(4)    नई उड़ान, युवा जोश है हिन्दुस्तान
मंगल मिशन, नई खोज है हिन्दुस्तान
सारे विश्व में अपना परचम लहराता
नई तकनीक, युवा सोच है हिन्दुस्तान।

(5)    गीता का कर्म ज्ञान है हिन्दुस्तान
रस घोलती अजान है हिन्दुस्तान
धर्म-कर्म, साधना के मेले लगते
सद्भावना की पहचान है हिन्दुस्तान।

(6)    सूफी, कलंदर, योगी है हिन्दुस्तान
आराधक, हठयोगी है हिन्दुस्तान
पूजा, इबादत, आरती में लीन रहता
एकता का चमन, सहयोगी है हिन्दुस्तान।

(7)    अजान-आरती में धड़कता है हिन्दुस्तान
तीज़-त्यौहारों में मचलता है हिन्दुस्तान
पीरों अवतारों के उपदेशों संग चलता
परस्पर मिलजुलकर रहता है हिन्दुस्तान।

(8)    पूजा नमाज़ में झुका शीश है हिन्दुस्तान
मंगलकामनाएँ, आशीष है हिन्दुस्तान
जहाँ वर्ष भर दुआ-मन्नतों का दौर चलता
आस्था का सैलाब, कशिश है हिन्दुस्तान।

(9)    संस्कृतियों की आवाज़ है हिन्दुस्तान
धर्मों का स्पंदन, अंदाज है हिन्दुसतान
मंदिर, मसजिद, गुरूद्वारे आस्था के केन्द्र
सारे विश्व का गुरू, सरताज है हिन्दुस्तान।

(10)    अद्भुत, बेजोड़ निराला है हिन्दुस्तान
सदा मुस्काता, मतवाला है हिन्दुस्तान
जहाँ उत्सवो, पर्वों का इंद्रधनुष खिलता
प्रेमी, सबका रखवाला है हिन्दुस्तान।

रचयिता
मोहम्मद आरिफ
(कवि, लेखक, गीतकार)
(India Book of Records Holder)
50, सिद्धवट मार्ग, मेन रोड
भैरवगढ़-उज्जैन (म.प्र.)
मो. 9009039743, 7806002306

Read Comments

    Post a comment

    Leave a Reply